मैनपुरी। जमीन के एक मुकदमे की लंबित फाइल एसडीएम किशनी के न्यायालय से गायब हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में की गई शिकायत पर प्राधिकरण सचिव/अपर जिला जज कमल सिंह ने एसडीएम किशनी से आख्या मांगी है। अगली सुनवाई के लिए 28 अक्तूबर की तारीख तय की है।
तहसील किशनी के गांव खिरिया के रहने वाले रामकुमार उर्फ रामकिशन का जमीन का एक मुकदमा एसडीएम किशनी के न्यायालय में चल रहा है। राजीव कुमार बनाम जयवीर सिंह के नाम से चल रहे इस मुकदमे का एसडीएम न्यायालय की केस डायरी में 13 जून 2024 तक विवरण दर्ज है। इसके बाद से इस मुकदमे का कोई विवरण केस डायरी में दर्ज नहीं किया गया है। यह फाइल भी न्यायालय में नहीं मिल रही है।
रामकुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि काफी तलाश के बाद भी न्यायालय में फाइल नहीं मिलने पर उसने एसडीएम से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। डीएम से की गई शिकायत के बाद भी उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत की सुनवाई करने के बाद प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज कमल सिंह ने एसडीएम किशनी से शिकायत के संबंध में विस्तृत और स्पष्ट आख्या मांगी है। अगली सुनवाई के लिए 28 अक्तूबर की तारीख तय कर दी है।