कासगंज सिढ़पुरा के गांव नगला मड़ियन में बिटौरों में लगी आग
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव नगला मड़ियन के जंगल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जंगल की आग पास ही के खेतों में, बाजरा की फसल और बिटौरों तक पहुंच गई। जिससे बिटौरे और फसल भी जल गई। सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची। लगभग डेढ़ घंटे बाद दमकल वाहन पहुंचे तब दमकलकर्मियों ने बमुश्किन आग पर काबू पाया।
मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे गांव के समीप एक जंगल में धुएं का गुबार उठने लगा। धुआं उठता देख ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे। जिससे चंदन सिंह की खेत में रखी पतेल, राजेश का बिटौरा, इंद्रपाल और श्रीपाल की लगभग 15 बीघा फसल जलकर खाक हो गई। इसके अलावा जंगल में लगे सैकड़ों हरे पेड़ पौधे भी जल गए। सूचना मिलने पर लेखपाल मौके पर पहुंच गए। लगभग डेढ़ घंटे बाद डेढ़ बजे दमकल वाहन पटियाली से गांव में पहुंचा। काफी देर तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग के कारण की हो रही जांच
कासगंज। समीप में ही एक खेत में धान की पराली भी जली हुई थी। प्रशासन जांच कर रहा है कि यह आग पराली जलने से लगी है या फिर आग लगने के बाद पराली जली है। तहसील प्रशासन ने संबंधित लेखपाल से जांच कर जल्द ही रिपोर्ट मांगी है।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। कुछ हिस्से की फसल और बिटौरे जल गए हैं। आग के कारण की जांच कराई जा रही है।
तिमराज सिंह, तहसीलदार, पटियाली।
फोटो