बाह: सड़क हादसे में मृतक कुंवर खेडा का मोहित
बाह। बटेश्वर मेला में कुश्ती दंगल देखकर लौट रहे कुंवर खेड़ा गांव के खाद-बीज कारोबारी मोहित (32) की शनिवार रात बाह के खेड़ा देवीदास गांव के पास हुई दुर्घटना में मौत हो गई। खाई में बाइक एवं मृतक का शव पड़ा मिला।
कुंवरखेड़ा के मोहित बाह के कैंजरा तिराहे पर खाद बीज की दुकान चलाते थे। शनिवार शाम 5.30 बजे करीब बटेश्वर मेला में कुश्ती दंगल देखने को गए थे। रात 8.30 बजे करीब लौटते समय खेड़ा देवीदास गांव के पास किसी वाहन की चपेट में आ गए। खाई में वह बाइक समेत पड़े थे। बाइक का इंजन चालू था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से रात 10 बजे मोहित को बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बाह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर रविवार को शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी स्वाती, दो बच्चों बेटी आराध्या (5), बेटा नव (3) को छोड़ा है। शव देख कर स्वाती बेसुध हो गई। उसके सामने दो बच्चों को पालने की पहाड़ सी चुनौती खड़ी है। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर बाह पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच करेगी।