एटा/जलेसर। जिले में खाद का अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी ने जलेसर में एक युवक को बिना लाइसेंस खाद बेचते पकड़ा। साथ ही दुकान से 71 बोरी यूरिया बरामद की गई। अधिकारी ने दुकान को सीज कर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह को सूचना मिली कि जलेसर में अवैध तरीके से खाद बेची जा रही है। उन्होंने टीम के साथ पथवारी मंदिर के पास सासनी रोड स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। यहां अतुल पुत्र मुन्नालाल निवासी जैनपुरा अवैध रूप से 320 रुपये प्रति बोरी खाद बेच रहा था।
यह खाद आगरा के अग्रवाल बिजनेस हाउस से लाई गई थी। जांच में युवक न तो कोई लाइसेंस मिला और न ही खाद का कोई बिल था। पुलिस के सहयोग से दुकान से 71 बोरी यूरिया, 11 बाल्टी जाइम और एक डीएपी की खुली बोरी बरामद की गई। अधिकारियों ने दुकान को सीज कर दिया है। युवक अतुल के खिलाफ खाद की कालाबाजारी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मौके पर उर्वरक सहायक अमित कुमार बाल्यान, प्रक्षेत्र अधीक्षक सिमराऊ राकेश मिश्र, प्रक्षेत्र अधीक्षक धरौली सत्येंद्र सिंह मौजूद रहे।