मैनपुरी। आगरा रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षा सत्र 2021-22 के लिए छात्रों के साथ ही छात्राओं को भी प्रवेश मिलेगा। कॉलेज में पहली बार महिला शिक्षिका की तैनाती के बाद प्रधानाचार्य ने छात्राओं के आवेदन की अनुमति दी है।
राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद से नियुक्त सहायक अध्यापिका पूनम ने कार्यभार ग्रहण किया। प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र ने उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया। प्रधानाचार्य ने बताया कि कॉलेज में छात्रों के साथ ही छात्राओं को भी शिक्षा सत्र 2021-22 से प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज में महिला शिक्षिका न होने के कारण छात्राओं के प्रवेश को लेकर दिक्कतें थीं।
अब कॉलेज को महिला शिक्षिका मिल गई है। कॉलेज में छात्रों के साथ ही छात्राएं भी प्रवेश ले सकेंगी। प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज में कक्षा छह से नौ तक की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक छात्राएं किसी भी कार्य दिवस में कॉलेज पहुंचकर अपना आवेदन कर सकती हैं।
कॉलेज में महिला टीचर न होने के कारण छात्राओं के प्रवेश को लेकर दिक्कत थी। अब यह समस्या दूर हो गई है। महिला टीचर मिलने के बाद छात्राओं के नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। -सुरेश चंद्र, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज