मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह अफसरों के साथ बृहस्पतिवार को करीमगंज पहुंचे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। सीएमओ को निर्देश दिए कि परिषदीय स्कूलों में अस्थाई रूप से अस्पताल संचालित करके 15 दिन तक 24 घंटे मरीजों को उपचार दिया जाए। मृतकों के घर जाकर डीएम ने परिजनों से मुलाकात की।
करीमगंज में बुखार से पीड़ित आठ लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना। सीएमओ डॉ. एके पांडेय बीमारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बुखार से ग्रसित मरीजों की डेंगू और मलेरिया जांच कराई जाए। डीएम ने बीएसए विजय प्रताप सिंह को निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालय के कक्षों को मरीजों के लिए खुलवाया जाए।
डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि गांव में सफाई अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। एसपी अजय कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ. एके पांडेय, क्षेत्राधिकारी भोगांव अमर बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक एससी मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामी दीन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान मौजूद रहे।