मैनपुरी। जिले में बुखार के साथ ही निमोनिया के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में बुखार और निमोनियां से दो बच्चों सहित तीन की मौत हो गई।
कोरोना महामारी के बीच धीरे-धीरे बुखार और अन्य बीमारियों ने भी पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव मंछना निवासी ब्रजलाल की 21 वर्षीय पुत्री तुलसी राठौर को पिछले कुछ दिनों से बुखार था। परिजनों ने बुधवार दोपहर को उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान तुलसी ने दम तोड़ दिया। कुरावली क्षेत्र के गांव नानामऊ निवासी रमन के ढाई माह के पुत्र जानू को पिछले कुछ दिनों से निमोनिया की शिकायत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मदारगेट निवासी अजय कुमार के तीन माह के पुत्र अंकित को पिछले तीन दिनों से निमोनिया की शिकायत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार को हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।