कुरावली (मैनपुरी)। न्यू बाईपास मलावन जीटी रोड के पास एक शराब लदे ट्रक को लूटने वाला एक लुटेरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश पर एसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
15 अक्तूबर 2019 को न्यू बाईपास मलावन जीटी रोड के पास बदमाशों ने एक शराब लदे ट्रक को लूट लिया था। ट्रक में करीब 425 पेटी शराब लदी हुई थी। लूट के उक्त मामले को लेेकर भवनीत सिंह निवासी ए/6 रामनाथ कॉलोनी थाना सिविल लाइन रामपुर द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान आठ बदमाशों के नाम प्रकाश में आए थे।
बृहस्पतिवार की सुबह सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार चौहान ने लूट में शामिल एक लुटेरे सुरजीत पुत्र अशोक यादव निवासी निजामपुर गडुआ शिकोहाबाद को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान अनुराग यादव पुत्र चरनजीत निवासी आराध्या गार्डन शिकोहाबाद भाग गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए पकड़े गए बदमाश पर एसपी की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। भागे हुए साथी की पुलिस तलाश कर रही है।