आगरा। अप्रैल से अब तक ताजमहल के दो किमी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था नि:शुल्क थी, लेकिन जनवरी से लोगों को यूजर चार्ज देना होगा। ताज के दो किमी क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था निजी कंपनी लायन सर्विसेज को सौंप रखी है।
ताजमहल के पास दो किमी क्षेत्र में ताजगंज, पुरानी मंडी, पूर्वी गेट रोड और चारों कटरों की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में है। अप्रैल में लायन सर्विसेज के पास सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। कंपनी यहां डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के साथ गलियों, नालियों की सफाई करा रही है। अब तक यहां यूजर चार्ज नहीं था। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने बताया कि जनवरी से यूजर चार्ज वसूलने के लिए तैयारी की जा रही है। यूजर चार्ज भी तय हो रहे हैं। व्यवस्थाओं के मुताबिक ही यूजर चार्ज तय किए जाएंगे।