आगरा के कलवारी और आसपास की कॉलोनियों के लोगों ने वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के विरोध में सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान खींचा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे डीएम कार्यालय पर बड़ा आंदोलन करेंगे।
वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे कलवारी और आसपास की कॉलोनियों के लोगों का सब्र मंगलवार को जवाब दे गया। वायु विहार सौ फुटा रोड के निकट अवधपुरी-कलवारी मार्ग पर स्थानीय निवासियों ने पानी से लबालब सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
पूर्व सैनिक रामबाबू शर्मा ने बताया कि करीब 15 वर्षों से यह सड़क बारिश के दिनों में तालाब में तब्दील हो जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि मार्ग के लगभग 500 मीटर हिस्से में हल्की बारिश के बाद ही जलभराव हो जाता है। सड़क पर कई दिनों तक पानी भरा रहने से आवागमन प्रभावित रहता है।
राहगीरों के फिसलने, दोपहिया वाहन चालकों के चोटिल होने और वाहनों के पानी में फंसने की घटनाएं आम हो गई हैं। वहीं, बेनीराम शर्मा ने कहा कि सड़क किनारे जमा सिल्ट और गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लगातार जलभराव के कारण आसपास के मकानों में सीलन आ रही है और लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र जलनिकासी और सड़क सुधार की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रवासी डीएम कार्यालय पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में हरिकिशोर, नरसिंह पाल, नारायण सिंह, मनीष मित्तल, विशाल, आकाश मित्तल, संतोष, सुरेंद्र सिंह, सुनीता, रश्मि मित्तल आदि मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी बिचपुरी अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।