कासगंज में मासूम बच्चे के अपहरण व हत्या के आरोपियों को जेल ले जाती पुलिस
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। अपने ही मासूम को अगवा करने और उसकी हत्या कर नहर में फेंकने के मामले में पुलिस ने पिता और उसकी पुत्रवधू को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई सुनिश्चित की है। घटना में प्रयुक्त लोडर गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
विगत 27 फरवरी की रात ज्वालापुरी कॉलोनी निवासी किशन कुमार ने अपने ही 15 माह के मासूम बेटे यश का अपहरण कर लिया। बड़े बेटे सचिन ने पिता किशन कुमार के खिलाफ मासूम के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में पिता किशन कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने मासूम की हत्या कर शव हजारा नहर में फेंक दिया है। पुलिस ने नहर में मासूम के शव की तलाश कराई, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस को ज्वालापुरी कॉलोनी में एक सीसीटीवी कैमरे से कुछ साक्ष्य मिले।
इसमें आरोपी पिता किशन कुमार बच्चे को ले जाता नजर आ रहा है। पुलिस ने किशन कुमार की पुत्रवधू ममता को भी हिरासत में लिया और पूछताछ की। एसपी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि किशन कुमार और ममता ने पूछताछ में मासूम का अपहरण और हत्या करने की बात कबूल की है। उन्होंने बताया कि वह एक लोडर गाड़ी से मासूम को लेकर हजारा नहर पहुंचे थे, जहां उसे फेंका गया। एसपी ने बताया कि अभी मासूम के शव की तलाश जारी है। एटा, फिरोजाबाद जनपदों में भी तलाश कराई जा रही है। किशन कुमार और ममता को पुलिस ने जेल भेज दिया गया है।
जाल डलवाकर की जा रही तलाश
एसपी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि हजारा नहर में गोताखोरों के माध्यम से जाल लगवाकर मासूम के शव की तलाश कराई गई है। हालांकि अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। टीमें लगातार नहरों के इलाकों में निगरानी कर रही हैं। उन्होंने स्वयं भी मौके का निरीक्षण किया है।