मैनपुरी। देहात क्षेत्र में ग्राम समाज की करीब 30 बीघा जमीन को फर्जी खातेदार के नाम दर्ज करने के मामले में लेखपाल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी खातेदार को ईशन नदी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल व अन्य की तलाश की जा रही है।
मैनपुरी देहात की करीब 30 बीघा भूमि को बिना किसी अधिकारी के आदेश एक फर्जी खातेदार के नाम दर्ज करने का मामला सामने आया है। मामले में क्षेत्रीय लेखपाल संसारपुर पुष्पेंद्र चौहान की ओर से मंगलवार देर शाम कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसमें कहा है कि ग्रामसभा की जमीन का कोई भी खाता गोलाबाजार निवासी प्रभुदयाल के नाम दर्ज नहीं हैं।
इसके बावजूद करीब 30 बीघा जमीन को बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश प्रभुदयाल ने तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपने नाम खतौनी में दर्ज करा ली। उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बुधवार को पुलिस ने ईशन नदी पुल के पास से आरोपी प्रभुदयाल को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं पुलिस अब तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले को लेकर सीओ सिटी अभय नरायण राय का कहना है कि शीघ्र ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।