आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पिता की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग बेटे की शादी को बरात से पहले ही रुकवा दिया। जांच में दूल्हे की उम्र कम पाई गई, जिसके चलते प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर विवाह रोक दिया।
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मई बुजुर्ग में एक पिता ने अपने ही बेटे की शादी को रुकवा दिया। बरात के पहुंचने से पहले पिता दुल्हन के घर पुलिस लेकर पहुंच गया। आरोप लगाया कि पत्नी नाबालिग बेटे की शादी कराने की तैयारी कर रही थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है ।
विज्ञापन
फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मई बुजुर्ग के रहने वाले इकबाल और सफदर साड़ हैं। सफदर का पत्नी से कई वर्षों से आपसी विवाद चला आ रहा है। पत्नी एक बेटे मोनू के साथ ग्वालियर में रहती है, जबकि दो बेटे सफदर के साथ गांव में ही रहते हैं। बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व ही सफदर की पत्नी ने बेटे मानू का निकाह अपने जीजा की पुत्री फिजा के साथ तय कर दिया था। इस बात की जानकारी जब सफदर को लगी, तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। सफदर की कोई भी बात सुनने के लिए पत्नी तैयार नहीं थी।
25 मार्च को बरात आनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इस दौरान सफदर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना दी कि उसके नाबालिग बेटे की शादी कराई जा रही है। इस सूचना के बाद जिला प्रोवेशन टीम थाना पुलिस को लेकर गांव में पहुंच गई। उस समय दुल्हन के घरवाले बरात के स्वागत की तैयारी में जुटे हुए थे। दावत चल रही थी। इस दौरान पुलिस को यूं देख, सभी हैरान रह गए।
टीम के द्वारा लड़की पक्ष से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया कि दुल्हन 12वीं पास है और उसकी उम्र 22 वर्ष है। वहीं दूल्हे की उम्र को लेकर वे लोग कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। वहीं टीम की जांच में पता चला कि दूल्हे मोनू की उम्र कम है, जिसकी वजह से इस शादी को रुकवा दिया गया।