मथुरा जिला जेल में सोमवार दोपहर को करीब 12 बजे दहेज हत्या में बंद एक बंदी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तमाम सुरक्षा व्यवस्था होने के बाद भी बैरक के बाहर पिलर से कपड़े की रस्सी बांधकर बंदी लटक गया। जेल अधिकारियों ने बंदी का शव परिजनों को सौंप दिया।
मडौरा बलदेव निवासी हरी सिंह (65) पुत्र धर्म सिंह पुत्रवधू मोनिका की दहेज हत्या के मामले में 23 मई 2021 से जेल में बंद था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बंदी ने बैरक नंबर 7 के बाहर पिलर पर कपड़े की रस्सी बनाकर फंदा लगा लिया। जानकारी लगते ही आसपास के बंदियों ने उसे रस्सी से नीचे उतार लिया और जेल अधिकारियों को सूचना दी। गंभीर हालत में उसे जिला जेल के अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक इलाज देकर जिला अस्पताल रवाना कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
हरी सिंह सहित उसका बेटा नीरज व पत्नी रामरती भी दहेज हत्या के मामले में जेल में बंद है। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बंदी के केस में तेजगति से गवाही चल रही थी। बंदी केस को लेकर चिंतित था और उसने कुछ देर पहले बेटी से बातचीत भी की है। फंदा लगाए जाने के बाद आसपास के बंदियों ने उसे रस्सी से नीचे उतार लिया। अस्पताल जाते समय उसने दम तोड़ दिया।