महिला से पर्स लूटने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि वो खुद जूता फैक्टरी में सुपरवाइजर है और उसके पिता सरकारी विभाग में नौकरी करते हैं।
आगरा की सिकंदरा पुलिस ने पर्स लूट के आरोपी दुष्यंत को पकड़ लिया है। वह फरह, मथुरा निवासी है और हाईवे की जूता फैक्टरी में सुपरवाइजर है। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से पुलिस उस तक पहुंची।
विज्ञापन
घटना 25 जून की है। शास्त्रीपुरम निवासी शर्मिष्ठा राय रात 9:10 बजे चर्चित चाैराहे पर आई थीं। अचानक बाइक सवार एक युवक आया और उसने झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया। शोर मचाने पर लोग जुटे लेकिन युवक को पकड़ा नहीं जा सका। पर्स में 200 रुपये और एक मोबाइल था। शर्मिष्ठा राय ने 112 नंबर पर काॅल कर पुलिस बुला ली।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना नाम फरह, मथुरा निवासी दुष्यंत बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह सिकंदरा स्थित जूता फैक्टरी में काम समाप्त कर घर जा रहा था। रास्ते में महिला को अकेला देखकर लूट कर ली थी। पर्स को रास्ते में फेंक दिया, मोबाइल रख लिया था। आरोपी के पिता सरकारी विभाग में क्लर्क हैं। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो