बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में शंकरपुर घाट के पास हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी बेटी की मौत हो गई। बाइक पर सवार युवक का भतीजा घायल हो गया। रास्ते में अचानक आए सांड़ से बचने की कोशिश में बाइक पलट गई थी।
हादसे में तीनों लोग बाइक से नीचे गिर गए, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने रौंद दिया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
गोविंद (35) निवासी दतौजी कलां थाना लाइनपार अपनी ससुराल पूठपुरा थाना फतेहाबाद गया था। मंगलवार सुबह वह अपनी बेटी मोहिनी (6) और भतीजे दिनेश कुमार (17) पुत्र के साथ फतेहाबाद से अपने घर लौट रहा था।