उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बिछवां कस्बा स्थित साकार हरि के आश्रम में मंगलवार सुबह अचानक बाबा के अनुयायियों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोगों को आता देख पुलिस अलर्ट हो गई। बैरियर लगाकर लोगों को रोक दिया गया। उन्हें वापस जाने के लिए कहा गया, लेकिन वे अंदर जाने की जिद पर अड़े रहे।
हाथरस कांड को आठ दिन बीत चुके हैं। मामले में जांच के लिए गठित विशेष जांच दल जांच के साथ ही रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। उधर हाथरस पुलिस चिन्हित आरोपियों को जेल भेज रही है। इन सब के बीच कस्बा बिछवां स्थित आश्रम में बाबा की मौजूदगी को लेकर पहले दिन से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।
बड़ी संख्या में पुलिस बल महलनुमा आश्रम को चारों ओर से घेर हुए हैं। वहीं खुफिया विभाग के लोग भी हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं। आश्रम के अंदर का सच क्या है, इसको लेकर प्रशासन की ओर से लगातार साकार हरि के होने की बात से इन्कार किया जाता रहा है। दूसरी ओर आश्रम से एक पत्र का बाहर आना मौजूदगी का एहसास करा रहा है। फिलहाल अभी तक अनुयायी भी साफ तौर पर कुछ भी समझ नहीं पा रहे हैं।
वहीं मंगलवार सुबह आश्रम पर अचानक ही भोले बाबा के अनुयायियों की भीड़ उमड़ने लगी। पुलिस बल ने उन्हें समझाते हुए वहां से वापस लौटने के लिए कहा, लेकिन ये लोग पुलिस बैरियर के पास खड़े होकर साकार हरि के जयकारे लगाने लगे और फिर यहीं पर भजन गाना शुरू कर दिए। हालांकि पुलिस बल लगातार इन लोगों को समझाने के प्रयास में जुटा हुआ है।