मैनपुरी। कृषि विभाग ने दुकानों पर उर्वरकों की उपलब्धता पता करने के लिए किसानों को सहूलियत दी है। अब किसान घर बैठे ऑनलाइन पता कर सकेंगे कि किस दुकान पर कितना उर्वरक उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि किसान घर बैठे पता कर सकेंगे कि दुकान पर उर्वरक उपलब्ध है या नहीं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन वेबसाइट उर्वरकडॉटएनआईसीडॉटइन सर्च करना होगा। मोबाइल में लिंक बाद खुलने वाले डेशबोर्ड में किसान कॉर्नर का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद राज्य और जनपद का नाम लिस्ट में चुनें। ये प्रक्रिया पूर्ण होते ही जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं की सूची और उन पर उपलब्ध उर्वरक की जानकारी सामने होगी। दुकान पर उपलब्ध उर्वरक के अनुसार किसान संबंधित दुकान से उर्वरक की खरीद कर सकते हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि अगर विक्रेता के पास उर्वरक है और नहीं दे रहा है तो किसान शिकायत कर सकते हैं। हर हाल में शिकायत का निस्तारण किया जाएगा।