कासगंज में किसान यूनियन स्वराज के दो कार्यकर्ताओं के द्वारा पुलिस अधीक्षक को चुनौती देते हुए धमकी दी गई है। इसको लेकर पुलिस विभाग सर्तक है। जिले के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसपी की ईमानदार छवि को धूमिल करने एवं जिले का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
थाना पटियाली के एक किसान यूनियन के नेता एवं मंडल अध्यक्ष कुलदीप बघेल निवासी द्विरैया ने फेसबुक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चुनौती दी। अभद्र भाषा में भ्रामक अफवाह फैला कर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, माहौल खराब करने एवं आई टी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
एक और अन्य कार्यकर्ता रमेश कुमार पुत्र इतवारी लाल निवासी नगरिया थाना सोरों द्वारा फेसबुक पर भ्रामक अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह कर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके संबंध में संज्ञान लेकर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की गई है ।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने कहा कि किसान यूनियन के दो कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर माहौल खराब करने की कोशिश करते हुए अभद्र भाषा में चुनौती और धमकी देते हुए पोस्ट डाली है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ पटियाली और सोरों जी थाने में मामला दर्ज किया गया है। किसी को जिले की शांति व्यवस्था कानून व्यवस्था खराब नहीं करने दी जाएगी।