फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुआवजे की लड़ाई: पुलिस से भिड़े किसान, जमकर हुई धक्का-मुक्की; बुलडोजर भी न रोक सके रास्ता

Wed, 22 Jul 2026 09:02 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में एडीए द्वारा किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद प्रशासन ने वार्ता कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
विज्ञापन
किसान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से मंगलवार को किसानों ने मदरा में एडीए की ओर से किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में जिला मुख्यालय की ओर कूच किया। दोपहर को किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर रमाडा होटल पहुंचे, जहां पुलिस ने बुलडोजर लगाकर ट्रैक्टरों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आधे घंटे बाद किसान पैदल जिला मुख्यालय की ओर बढ़े, लेकिन करीब एक बजे उन्होंने रास्ते में ही धरना देकर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था हमारे वाहन ट्रैक्टरों को नहीं जाने दिया जा रहा है तो वे पैदल भी जिला मुख्यालय नहीं जाएंगे।
विज्ञापन


 

प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर किसान करीब 1:15 बजे वापस रमाडा होटल लौट आए और लगभग 1:30 बजे फिर धरने पर बैठ गए। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला और अपर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) हिमांशु गौरव, सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा यतेंद्र कुमार नागर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से शासन तक भेजा जाएगा।

 

इसी बीच करीब दो बजे किसान नेता विपिन यादव ट्रैक्टरों में महिलाओं को लेकर रमाडा पहुंच गए, जिससे एक बार फिर माहौल गरमा गया। किसानों के प्रदर्शन के दौरान फतेहाबाद रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे बहाल कराने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया, तातीराम जदौन, सोमवीर यादव, मनीष वर्मा, कृपाल सिंह फौजदार, रणवीर सिंह चाहर, रणजीत यादव, दया यादव, हरेंद्र सिंह, अनुज प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।

 
विज्ञापन

जिलाध्यक्ष भाकियू राजवीर लवानिया का कहना है कि एत्मादपुर मदरा में किसानों की भूमि का एडीए बिना उचित मुआवजा के किया जा रहा। उचित मुआवजा के लिए किसानों ने कई बार आवाज उठाई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई, बिजली चेकिंग के नाम पर भी किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे किसान बर्दाश्त नहीं करेगा। सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला ने बताया कि एत्मादपुर मदरा के किसान भूमि अधिग्रहण और मुआवजा राशि कम दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर शांत कराया गया। समस्या निराकरण के लिए शासन को भेजा जाएगा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें