बरौली अहीर। थाना क्षेत्र बमरौली कटारा में किसानों ने ट्रांसफाॅर्मर और केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर आक्रोश जताया है। बिझामई में दो और धमौटा में एक ट्रांसफाॅर्मर चोरी पर भारतीय किसान यूनियन ने मंगलवार को विद्युत विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में विरोध दर्ज कराया है।
जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के आवास पर हुई बैठक में उपखंड अधिकारी बरौली अहीर अमित यादव और अवर अभियंता अजय सिसोदिया ने नए ट्रांसफाॅर्मर लगाकर विद्युत व्यवस्था सुचारु का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने भी इन मामलों में कार्रवाई की बात कही। जिलाध्यक्ष ने निजी ट्यूबवेलों को रात में दो फेज विद्युत आपूर्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि रात में विद्युत आपूर्ति बंद रहने से चोर विद्युत उपकरणों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी की घटनाओं पर रोक और विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भाकियू चक्का जाम सहित व्यापक आंदोलन करेगी।
बैठक में जिला प्रवक्ता नत्थू सिंह धाकरे, जिला उपाध्यक्ष श्यामवीर सिंह चाहर, रामेश्वर तोमर, ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, ग्राम अध्यक्ष नरेश जसावत, रतन सिंह धाकरे, रामगोविंद शर्मा और अंशुल सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। संवाद