दिल्ली में किसानों पर लाठीचार्ज से नाराज मथुरा के अन्नदाता भी भड़क गए। बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर इकट्ठा होकर साफ कहा कि वह सरकार
बनाते हैं तो उखाड़कर फेंक भी सकते हैं। जाबरा टोल पर धरने पर बैठे और प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर गुस्सा जाहिर किया।
मथुरा के किसानों ने मंगलवार को ही एलान कर दिया था कि एक्सप्रेस-वे के जाबरा टोल पर धरना दिया जाएगा। बुधवार की सुबह से ही किसानों का टोल पर जुटना शुरू हो गया। भारतीय किसान यूनियन और राष्ट्रीय लोकदल ने संयुक्त रूप से टोल प्लाजा के एक बूथ को कब्जे में लेकर धरना दिया।
रालोद नेता अशोक अग्रवाल और योगेश नौहवार ने कहा कि बीजेपी सरकार किसान विरोधी है। किसानों के अत्याचार को लेकर रालोद किसानों के साथ है और किसानों के लिए लड़ाई लड़ेगी। भाकियू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन होगा। अब किसान अपना
हक लेकर ही दम लेगा।
इस दौरान किसानों ने पुलिस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री पुतला फूंका। किसानों ने एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर रामवीर सिंह भरंगर, रामरसपाल पौनियां, रिंकू चौधरी, दलबीर सिंह, जयवीर सिंह, ब्रजेश राघव, इसराइल उस्मानी, गौरव मलिक, हीरालाल, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता समुंद्र सिंह गावर और संचालन अशोक चौधरी ने किया।