मृतक की पत्नी को ढांढस बंधाती पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के बिछवां थाने में तैनात महिला पीआरडी के पति की शुक्रवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पत्नी सहित अन्य परिजनों ने थाने में तैनात मुंशी पर हत्या का आरोप लगाया है।
हादसे की धाराओं में पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज किए जाने पर गुस्साए परिजनों ने शनिवार को एसपी दफ्तर और पोस्टमार्टम हाउस पर प्रदर्शन किया। एएसपी की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
थाना क्षेत्र के गांव धनमऊ निवासी 30 वर्षीय उदयवीर सिंह खेतीबाड़ी का काम देखता था। वहीं पत्नी सुधा पीआरडी में है। पत्नी की तैनाती वर्तमान में बिछवां थाने में है। शुक्रवार की देर शाम करीब 8:45 उदयवीर का शव जैली मोड़ के पास सड़क किनारे गड्ढे में मिला। पास ही उसकी बाइक भी पड़ी हुई थी।
20 दिन पहले हुआ था विवाद
परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। वहां पर चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। इस पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के पिता एबरन सिंह की तहरीर पर थाने में एक्सीडेंट का एक मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।
शनिवार की सुबह जब पोस्टमार्टम की तैयारी चल रहीं थीं, तभी मृतक की पत्नी व परिजन भड़क गए। उन्होंने थाने में तैनात मुंशी तारा चंद्र पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतक की पत्नी का कहना है कि शुक्रवार की शाम एक दावत में चलने की बात कहकर मुंशी उसके पति को साथ ले गया था। उसी ने 20 दिन पूर्व हुए विवाद के चलते हत्या कर दी।
उधर हंगामे की सूचना पर एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ भोगांव प्रयांक जैन पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पत्नी का कहना था कि ससुर एबरन सिंह ने एक्सीडेंट की तहरीर भी नहीं दी है तो मामला कैसे दर्ज कर लिया। सभी मुंशी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे। इस बीच मृतका की पत्नी व परिजन एसपी ऑफिस पहुंच गए।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने मुलाकात करके उचित कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने आश्वासन दिया कि वीडियोग्राफी में पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। यदि मुंशी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। एएसपी के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परिजन युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।