मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन गाजीपुर बॉर्डर पर किसान शहीद स्मारक और किसान क्रांति गेट का निर्माण कराएगी। शहीद स्मारक और क्रांति गेट के निर्माण में मैनपुरी जिले की भी मिट्टी लगाई जाएगी। भाकियू के जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत जिले से मिट्टी लेकर मंगलवार सुबह गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे और मिट्टी से भरे कलश की स्थापना की।
भाकियू जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत ने फोन पर बताया कि केंद्र सरकार की मनमानी के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन केे दौरान 400 से अधिक किसानों की मृत्यु हो चुकी है। भारतीय किसान यूनियन इन किसानों को आंदोलन के दौरान शहीद हुआ मानती है। किसान यूनियन इन किसानों की याद में गाजीपुर बॉर्डर पर किसान शहीद स्मारक और किसान क्रांति गेट का निर्माण करेगी। इसके लिए हर प्रदेश से मिट्टी मंगाई गई है। मैनपुरी की मिट्टी से भरा कलश भी पहुंचाया गया है।
अस्थायी रूप से बनाए गए किसान शहीद स्मारक पर कलशों को एकत्रित किया गया है। देश भर से लाई गई मिट्टी से ही किसान शहीद स्मारक और किसान क्रांति गेट का निर्माण गाजीपुर बॉर्डर पर किया जाएगा। यह स्मारक और गेट किसान आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवा चुके किसानों और केंद्र की भाजपा सरकार की मनमानी की हमेशा याद दिलाएगा।