मैनपुरी। पंचायत चुनाव में नामांकन से पूर्व जमानत राशि का चालान जमा करने के लिए दिन भर भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं में भीड़ लगी रही। बैंक शाखाओं में सड़कों पर लंबी-लंबी कतारें रहीं। पुलिस और अग्रणी जिला प्रबंधक ने शाखाओं में पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालीं। अधिक काउंटर संचालित करवाकर चालान जमा कराए।
बुधवार से जिले में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन शुरू होना है। इसके लिए लगातार चार दिनों से प्रत्याशी जमानत राशि का चालान जमा करने स्टेट बैंक पहुंच रहे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण परेशानी हो रही है। बुधवार को नामांकन शुरू होना है ऐसे में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग बैंकों में चालान जमा करने के लिए पहुंचे।
शहर के स्टेशन रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में जमानत राशि जमा करने के लिए दो सौ मीटर लंबी लाइन लगी हुई थी। मौके पर मौजूद पुलिस लोगों को लाइन में लगाने के लिए मशक्कत करती रही। अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी ने बैंक पहुंचकर अधिक काउंटर संचालित कराए। दस काउंटर संचालित कराने के बाद लोगों को राहत मिली। अन्य बैंक शाखाओं का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। अग्रणी प्रबंधक ने अन्य कस्बों के बैंकों का भी निरीक्षण कर अधिक काउंटर संचालित करवाए।
भारतीय स्टेट बैंक की सभी शाखाओं में काउंटर की संख्या बढ़ाकर मंगलवार को जमानत राशि का चालान जमा कराया गया। शाम तक जितने भी लोग लाइन में लगे थे, सबके चालान जमा करा दिए गए हैं।
अनिल प्रकाश तिवारी, अग्रणी जिला प्रबंधक।