सोरोंजी। होडलपुर का किसान अपनी जमीन कब्जा मुक्त करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने राजमार्ग पर लेट गया। उसका परिवार और अन्य किसान धरने पर बैठ गए। किसानों ने जाम लगाने का प्रयास किया। एडीएम ने किसानों को समझाकर धरना समाप्त कराया व जाम खुलवाया।
किसान साहब सिंह लोधी का कहना है कि होडलपुर में ईदगाह मार्ग पर उसकी 57 फिट जगह पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया है। वह अनेक बार तहसील दिवस, थाना दिवस में प्रार्थनापत्र देकर फरियाद कर चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। अब वह परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना देने को विवश है। धरने पर बैठे किसान का समर्थन करते हुए मौके पर पहुंचे बीजेपी किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष डीएस लोधी ने कहा कि किसान के साथ अन्याय हो रहा है, सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारी किसान को न्याय दिलाने के लिए गंभीर नहीं है। लगभग 20 मिनट तक जाम रहा। इससे वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर पहुंचे एडीएम ने किसान को मंगलवार को जमीन की वास्तविकता देखने के लिए मौके पर राजस्व कर्मियों की टीम भेजने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।