घर से भूसे की बुर्जी बेचने गए किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव को हत्यारोपियों ने गांव के बाहर सड़क किनारे फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ थाना जैथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना जैथरा के गांव तरिगवां निवासी विशेंद्र चौहान उर्फ छंगे (42) पुत्र विजयपाल दोपहर को घर से भूसे की बुर्जी व्यापारी को बेचने के लिए खेत पर गया था। इसके बाद वह देर शाम तक घर लौटकर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह जब गांव के लोग सड़क से जा रहे थे तभी सड़क किनारे विशेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी लोगों ने उसके परिजनों को दी।
सूचना पाकर परिजन रोते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने जैथरा पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई ओवेंद्र सिंह ने गांव के ही मुकेश पुत्र ब्रह्मानंद के खिलाफ दर्ज कराई है। परिजनों ने बताया कि किसान व्यापारी को दस हजार रुपये में भूसे की बुर्जी बेची थी। ऐसे में परिजन किसान की लूटपाट के बाद गला रेतकर हत्या करने की आशंका जता रहे है।