ट्यूबैल के रास्ते पर गोपालपुरा के किसान राजाराम की मौत
बाह। गोपालपुरा गांव के किसान राजाराम (60) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सड़क किनारे गड्ढे में मिला। रविवार की रात करीब 9 बजे वह घर से नलकूप पर जाने के लिए निकले थे। कई बार फोन करने के बाद भी रिसीव न होने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
पिढौरा थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के राजाराम किसान थे। परिजन के मुताबिक रोजाना की तरह वह रविवार की रात करीब 9 बजे घर से नलकूप पर जा रहे थे। नलकूप पर पहले से मौजूद परिवार के लोगों ने उनको 5-6 बार कॉल किया। कॉल रिसीव न होने पर घरवालों से पूछा। घर से काफी देर पहले उनके नलकूप पर जाने के लिए निकलने के जानकारी पर परिजन घबरा गए। परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे। खोजबीन के दौरान रास्ते के किनारे गड्ढे में उनका शव पड़ा मिला। माना जा रहा है कि किसी वाहन की टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पिढौरा पुलिस ने जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, पति का शव देखकर पत्नी नेकसी देवी सुधबुध खो बैठीं। बेहोशी टूटने पर ढांढ़स बंधाने वालों से एक ही सवाल कर रही थी कि बेटियों सीमा (20), रीमा (19) के हाथ कैसे पीले होंगे। पत्नी नेकसी देवी के सामने दो बेटियों की शादी की पहाड़ सी चुनौती है। दोनों बेटों संतोष और मनोज की शादी हो चुकी है। संवाद