बेवर। थाना क्षेत्र के गांव घुटारा निवासी किसान को रविवार की शाम खेत पर काम करने के दौरान जहरीले कीड़े ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
गांव घुटारा निवासी 28 वर्षीय किसान अवनीश कुमार रविवार की देर शाम खेत पर काम कर रहे थे। तभी वहां पशुओं का एक झुंड आ गया, उसे भगाने के बाद अवनीश बैठ कर आराम कर रहा था। तभी किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कुछ ही देर बाद किसान की हालत बिगड़ने लगी। परिजन किसान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को किसान ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक के छह वर्षीय पुत्री रियल और दो वर्षीय पुत्र राजा है। हादसे बाद पत्नी बेबी का रो-रोकर बुरा हाल है।