पटियाली(कासगंज)। खेत में गेहूं की बुवाई करने के दौरान ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
यह दुर्घटना बुधवार देर शाम की है। सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के निवासी किसान राजपाल (45) अपने खेत में गेहूं की बुवाई का कार्य करा रहा था। वह गांव के ही बेचेलाल का ट्रैक्टर खेती के कार्य के लिए ले गया था। ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर लगा था। देर शाम बुवाई का कार्य पूरा करने के बाद ट्रैक्टर लौटने लगा। राजपाल रोटावेटर के ऊपर चढ़ा और उसी समय गिर गया। वह रोटावेटर में फंसकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक बेचेलाल को मामले की जानकारी हुई तो वह मौके से भाग गया। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक बेचेलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सुन्नगढ़ी थाना प्रभारी सत्यापाल भाटी ने बताया कि मामला दर्ज करके ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक फरार है।