आगरा के पातीराम गली (छत्ता) में एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया। इसका फायदा उठाकर मोहल्ले का एक युवक चोरी करने घर में घुस गया। अलमारी से जेवर, रुपये निकाले और अलमारी में आग लगा दी। अचानक गृहस्वामी के पहुंच जाने से आरोपी पकड़ लिया गया।
पातीराम गली निवासी हाजी मोहम्मद शान ने पुलिस को बताया कि 11 जनवरी की रात परिवार के साथ ताजगंज क्षेत्र में एक शादी में गए थे। वो रात में मैरिज होम से जल्दी निकल आए। रात 12:30 बजे घर पहुंचने पर दरवाजा खोलना चाहा तो दरवाजा अंदर से बंद था। खटपट की आवाज सुनकर पड़ोसियों को बुला लिया।
पड़ोस में रहने वाले रईस की छत से अपने घर की छत पर पहुंचे। आरोप है कि मोहल्ले का अमन उर्फ बुलेट कमरे से निकल कर छत की ओर भागने लगा। वह भी पीछे दाैड़े, लेकिन आरोपी पैर फिसलने से गिर गया। उसे पकड़ लिया गया। युवक ने अलमारी तोड़कर तिजोरी से 70 हजार रुपये और जेवर चुरा लिए थे।
अलमारी में आग लगा दी, हालांकि आग बुझा दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी में आरोपी घर में घुसता दिख रहा है। आरोपी को जेल भेजा गया है। हालांकि उससे माल बरामद नहीं हुआ है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है।