तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठा परिवार
- फोटो : अमर उजाला
नगला अतिराम निवासी एक परिवार दबंगों के खौफ के आगे गांव से पलायन करने को मजबूर हो गया। आरोप है कि पुलिस ने इस परिवार की कोई मदद नहीं की। पीड़ित परिवार न्याय की आस लेकर अब तिकोनिया पार्क में धरना पर बैठ गया। कहना है कि जब तक कार्रवाई नहीं होती धरना जारी रहेगा।
थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला अतिराम कुलदीप के साथ एक जून को दबंगों ने मारपीट कर दी थी। उसके हाथ में गोली भी लगी थी। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया था।
आरोप है कि विवेचक ने जानलेवा हमला की धारा को हटा दिया है। वहीं हाथ में लगी गोली का जिक्र भी मेडिकल रिपोर्ट में नहीं किया गया। अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। भय के चलते वह परिवार सहित गांव से पलायन कर चुका है।
सोमवार को कुलदीप परिवार के साथ तिकोनिया पार्क में धरना पर बैठ गया। उसका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक धरना जारी रहेगा। उसने कई बार उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।