सड़क हादसे में मृतक पंजाय बटेश्वर के पूरन सिंह की बेसुध पत्नी सुधा देवी को संभालते बेटा, बेटी
बाह। बटेश्वर के पंजाय मोहल्ले के किसान पूरन सिंह (45) की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मंगलवार की शाम मौत हो गई थी। पति की मौत के सदमे में सुधबुध खोई पत्नी सुधा देवी बोली कि अब दो बेटियों की शादी कैसे होगी? परिवार में और कोई कमाने वाला नहीं है।
पंजाय बटेश्वर के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पूरन सिंह खेती के साथ दूध का कारोबार भी करते थे। परिवार के लोगों ने बताया कि मंगलवार की शाम वह शिकोहाबाद गेंहू का बीज लेने गए थे। नसीरपुर के स्यारमऊ गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर से उनकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद घर पर शव पहुंचा तो परिवार के लोग बिलख पड़े। पिता भूरेलाल, मां शरला देवी रो-रोकर बेहाल हैं। सुधबुध खोई पत्नी सुधा देवी को बेटे और बेटियां संभाल रहे थे। सुधा देवी ने बताया कि परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। बेटी अनामिका (22), शिवानी (18) की शादी कैसे होगी? बेटों आशीष और शिवम की परिवरिश किसके भरोसे होगी। संवाद