आगरा में एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को गर्भवती महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए तीमारदारों ने चिकित्सकों और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझा कर शांत कराया।
शमशाबाद रोड स्थित इंदिरापुरम में पब्लिक वेलफेयर अस्पताल है। ककुया निवासी दीपक ने बुधवार रात को अस्पताल में पत्नी कोमल (22 वर्ष) को भर्ती कराया था। वो आठ माह की गर्भवती थी। बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान कोमल की मौत हो गई।
परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। उसके बाद सूचना पर मृतका के गांव से परिजन पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर दिया। सूचना मिलने के बाद वहां पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।