मथुरा में दुष्कर्म के आरोपी को हाईवे पुलिस ने रविवार को सौंख रोड के पास से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी ने छत्तीसगढ़ की युवती से दोस्ती की। इसके बाद उसे मथुरा बुला लिया।
यहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद नौकरी लगवाने के नाम पर 1.35 लाख रुपये भी ठग लिए। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर और बैज लगाकर और भी लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी कर चुका है।
दो दिन पहले छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़ित युवती ने दुष्कर्म और 1.35 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। हाईवे पुलिस ने 24 घंटे के अंदर जालसाज को सौंख रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास मिला यह सामान
एसपी सिटी अशोक मीणा ने बताया कि पुलिस ने तेजपाल सिंह पुत्र भूदेव सिंह निवासी नगला दीपा (मांट) को पकड़ा है। इसके पास 32 बोर की पिस्टल, पुलिस की वर्दी, बैज, कैप, बेल्ट पांच नियुक्ति पत्र, दो परिचय पत्र बरामद हुए हैं।
आरोपी ने वर्दी का रौब दिखाकर मथुरा के गांव असगरपुर के लक्ष्मीनारायण पुत्र विजय सिंह से नौकरी के नाम पर 1.26 लाख रुपये ठग लिए थे। उसे सेना में कंप्यूटर ऑपरेटर का फर्जी ज्वाइनिंग लैटर भी थमा दिया।
जब ज्वाइनिंग करने के लिए पहुंचा तो उसे नौकरी की हकीकत पता चली। ऐसे ही दर्जनों युवकों को अपना शिकार बनाने वाला जालसाज लाखों रुपये ठग चुका है। साल 2015 में आगरा के नई की मंडी से ठगी में जेल जा चुका है।
जाल में फंसाने का अपनाता था यह तरीका
जालसाज पुलिस की वर्दी में अपने आईकार्ड बनाकर सोशल मीडिया पर फोटो डालता था। अपने को पुलिस में नौकरी करना बताकर लोगों से दोस्ती करता है। जाल में फंसने वालों को अपनी ऊंची पहुंच बताता था। दोस्ती करके नौकरी लगवाने का लालच देकर उनके साथ ठगी करता था।