मैनपुरी। लगभग छह माह पहले थाना दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव में छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में दूध व अन्य सामान पकड़ा गया था। संदेह के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। जांच में दूध डिटर्जेंट और तरल ग्लूकोज मिलाकर बनाए जाने की पुष्टि हो गई है।
गांव माही जौहरी नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लगभग छह माह पहले 22 दिसंबर 2021 को भूदेव सिंह के घर छापा मारा था। यहां से बड़ी मात्रा में दूध, तरल ग्लूकोज और डिटर्जेंट बरामद हुआ था। टीम को प्रथम दृष्टया ये दूध नकली प्रतीत हो रहा था, पुष्टि के लिए नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि डिटर्जेंट का प्रयोग कर दूध तैयार किया गया था। अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
ऐसे पकड़ा गया था नकली दूध
पुलिस की एक टीम ने अवैध असलहा होने की सूचना पर माही जौहरी नगर के एक घर में 22 दिसंबर 2021 को छापा मारा था। यहां असलहा तो नहीं मिला, लेकिन टीम को कुछ ड्रम मिले। इनमें तरल पदार्थ भरा हुआ था। साथ ही दो क्विंटल से अधिक दूध भी मिला था। संदेह होने पर पुलिस टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को पूरे मामले की सूचना दी थी। टीम को मौके से पांच क्विंटल ग्लूकोज, 11 किलो डिटर्जेंट और करीब दो क्विंटल दूध मिला था।
वर्जन
जांच में साबित हो गया है कि बरामद किए गए सामान में तरल ग्लूकोज और डिटर्जेंट था। साथ ही दूध के नमूने भी डिटर्जेंट की मिलावट पाई गई है। मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाएगा।
डॉ. टीआर रावत, अभिहित अधिकारी।