नकली खाद के गोदाम पर कार्रवाई करते डीएम और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी शहर सटे गांव नगला जुला में मंगलवार को डीएम और एसपी ने छापा मारकर नकली खाद बनाने वाली फैक्टरी को सील कर दिया। यहां बड़े पैमाने पर नकली खाद बनाने का काम चल रहा था। फैक्टरी पूर्व विधायक के भतीजे के घर को किराए पर लेकर चलाई जा रही थी।
मंगलवार दोपहर जिलाधिकारी पीके उपाध्याय और एसपी अजय शंकर राय ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ नगला जुला स्थित गोदाम पर पहुंचे। यहां जांच के दौरान नकली पोटाश, जिंक, सल्फर व अन्य खाद बनाने का काम चल रहा था। साथ ही इन्हें छह कंपनियों के नाम की बोरियों में पैक किया जा रहा था।
इतना ही नहीं खाद बनाने में सिलिका सैंड और केमिकल्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं सरसों का बीज भी मौके से बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान चार मजदूर काम करते मिले। इन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।