आगरा। लोहामंडी थाना क्षेत्र के राजामंडी में मानव बुक डिपो पर दिल्ली-नोएडा की फर्म के प्रतिनिधियों ने पुलिस के साथ छापा मारा। उनके पास अन्य पब्लिकेशन की नकली करीब आठ किताबें जब्त कीं। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने बुक डिपो के मालिक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गाजियाबाद के थाना बापू धाम के स्वर्ण जयंती पुरम निवासी संजीव कुमार राघव ने बताया कि वह एमसी ग्रेवहिल एजुकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जेपी ब्रदर्स मेडिकल पब्लिशर्स प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली और स्पेक्ट्रम बुक्स प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि हैं। इन कंपनियों के नाम से नकली पुस्तकें छापने, बनाने, बेचने आदि का कार्य करने वालों की जांच कर पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई कराने के लिए अधिकृत हैं।
उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी अधिकृत कंपनी की राजामंडी में मानव बुक डिपो नकली पुस्तकें स्टोर कर थोक में देशभर में पुस्तक विक्रेताओं को बेच रहे हैं। वह धोखा देकर लोगों को नकली पुस्तक बेचते हैं। इससे कंपनियों और सरकार को आर्थिक हानि हो रही है। इस सूचना पर वह अपने साथी गाजियाबाद बापू धाम थाना क्षेत्र के रईसपुर गांव निवासी राहुल राघव के साथ लोहामंडी थाने पहुंचे।
पुलिस टीम के साथ राजा मंडी स्थित मानव बुक डिपो पर पहुंचे। वहां दुकान मालिक संजय अग्रवाल उन फर्मों की नकली किताब बेच रहे थे। संजय अग्रवाल की दुकान में जांच की तो पाया कि उनके पास एमसी ग्रेवहिल एजुकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की एम लक्ष्मीकांत ऑथर की इंडियन पॉलिटी की एक, दो भारत की राजव्यवस्था की किताबें मिलीं। इसके साथ ही स्पेक्ट्रम बुक्स प्राइवेट लिमिटेड की राजीव अहीर आईपीएस ऑथर की ए ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ मॉडर्न इंडियन की एक किताब और जेपी ब्रदर्स मेडिकल पब्लिशर्स प्राइवेट लिमिटेड की ऑथर के सेमबुलिंगम, प्रेमा सेमबुलिंगम की अस्सेंटिअल ऑफ मेडिकल फिलॉसफी की एक, टेस्ट बुक ऑफ बायो केमिस्ट्री ऑफ मेडिकल स्टूडेंट ऑथर डीएम वसुदेवन, श्री कुमारी की एक, ऑथर केडी त्रिपाठी की एसेंशियल्स ऑफ मेडिकल फार्माकोलॉजी की एक पुस्तक और ऑथर हर्ष मोहन की टेस्ट बुक ऑफ पैथोलॉजी की एक किताब मिली।
लोहामंडी थाना प्रभारी का कहना है कि मानव बुक डिपो से कुछ पुस्तकें दिल्ली और नोएडा के प्रकाशन की बरामद हुई है। आरोपी बुक डिपो पर कार्रवाई की जा रही है।