आगरा पुलिस ने बजाज एलियांज इंश्योरेंस कंपनी के फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। वह बीमा पॉलिसी मेच्योर कराने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि आरोपी मुसारिब संभल के गलपुरा सराय तरीन का रहने वाला है। वह मृत व्यक्तियों के आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर फर्जी सिम जारी कराता था। उन्हीं सिम से बजाज एलियांज कंपनी का अधिकारी बन लोगों को कॉल करता था। उन्हें बोलता आपका बीमा प्लेस हो चुका है, अगर आप पैसा जमा करा देंगे तो चार गुना लाभ मिलेगा।
इसी तरह उसने कई लोगों को झांसे में लिया। उनसे ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न खातों में रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी उन्हीं सिम को 5000 रुपये प्रति सिम के हिसाब से अन्य साथियों को प्रयोग के लिए दे देता। इसने एक व्यक्ति को पॉलिसी की रकम का चार गुना मुनाफा देकर करीब आठ लाख रुपये लिए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।