कानपुर में नकली एंटी रेबीज वैक्सीन का मामला सामने आने के बाद आगरा के राधा मेडिकल स्टोर की औषधि विभाग ने जांच की। रिकॉर्ड में बिलों की गड़बड़ी मिलने पर सभी दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई और संचालक से रिकॉर्ड तलब किया गया।
नकली एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) मामले में औषधि विभाग ने लोहामंडी स्थित राधा मेडिकल स्टोर की जांच की। यहां रिकॉर्ड खंगालने के बाद स्टॉक नहीं मिला। बिल में गड़बड़ी की पाए जाने पर स्टोर से दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। जांच के लिए दो नमूने भी लिए हैं।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त औषधि अरविंद गुप्ता ने बताया कि कानपुर में नकली एआरवी मामले में राधा मेडिकल स्टोर की जांच की गई। इसमें संचालक ने एआरवी की खरीद-बिक्री के तीन बिल दिखाए। इसमें दो बिल 2025 के हैं, जिसमें एक बिल से 490 एआरवी बेचीं और दूसरे बिल से 1005 वाइल बेचीं। इस साल 1005 वाइल खरीद का बिल दिखाया लेकिन संचालक का कहना था कि ये वाइल प्राप्त नहीं हुईं हैं।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर सभी तरह की दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। नोटिस देकर दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड तलब किए हैं। जांच के लिए त्वचा की एलर्जी के ऑइंटमेंट और अपच के सिरप का नमूना लिया है।