मैनपुरी। बीएड की फर्जी डिग्री के सहारे शिक्षक बनने वालों का मामला फिर से गरमा गया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने विभाग से फर्जी डिग्री धारकों के विरुद्ध कार्रवाई की जानकारी मांगी तो उप सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के नाम की फर्जी और टेंपर्ड डिग्री से शिक्षक बनने वालों की जांच विशेष अनुसंधान दल कर रहा है। अनुसंधान दल की तरफ से हाईकोर्ट में पूछा गया है कि फर्जी शिक्षकों की बर्खास्तगी के बाद आखिर कितनों के खिलाफ अभी तक रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और क्या कार्रवाई हुई है। हाईकोर्ट में मांगी गई जानकारी के बाद उप सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने एसपी को पत्र जारी कर बेसिक शिक्षा विभाग से कराई गई एफआईआर में कार्रवाई की मांग की गई है। उप सचिव बेसिक शिक्षा परिषद अनिल कुमार ने एसपी को पत्र भेज फर्जी शिक्षकों के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कार्रवाई की मांग की है।
65 शिक्षकों की हो चुकी है बहाली
30 नवंबर को जिले के 77 में से 74 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की गई थीं। इनमें से 27 शिक्षकों की बहाली छह फरवरी को हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की जा चुकी है। वहीं 38 शिक्षकों की बहाली 15 फरवरी को कर दी गई थी। हालांकि अंतिम निर्णय तक सभी का वेतन रोक दिया गया है।
जिले में 34 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए