फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के सुहाग नगर सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार रात एक ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से एक फैक्टरी सुपरवाइजर की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
जैन नगर निवासी श्याम सुंदर (51) एक स्थानीय फैक्टरी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। बृहस्पतिवार शाम वह फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौटे थे। रात में खाना खाने के बाद वह सुहाग नगर चौराहा स्थित सर्विस रोड से कुछ जरूरी सामान लेकर पैदल घर वापस जा रहे थे। जैसे ही श्याम सुंदर कुंआ वाली गली स्थित आयुर्वेदिक सेवा सदन के समीप पहुंचे, तहसील की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर चालक को दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया और घायल श्याम सुंदर को तुरंत उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक श्याम सुंदर अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे। वह अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ रहते थे, जबकि उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।