थाना नाई की मंडी पुलिस ने स्नातक की छात्रा को ब्लैकमेल करने के आरोप में अर्द्ध सैन्य बल के कर्मी के बेटे कृष्णा और फायरमैन के बेटे शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दोनों आरोपी स्नातक के छात्र हैं।
पहले छात्रा से उनकी दोस्ती थी। दोस्ती तोड़ने पर दोनों फेसबुक पर तीन फर्जी आईडी बनाकर छात्रा के अश्लील फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दे रहे थे।
नाई की मंडी क्षेत्र की रहने वाली छात्रा के पिता भी पुलिस विभाग में हैं। कागारौल निवासी आरोपी कृष्णा दसवीं में छात्रा के साथ ही एक स्कूल में पढ़ता था। तभी उसकी दोस्ती उससे हो गई। वहीं आरोपी शुभम छात्रा के घर के पास ही रहता है।
आरोप है कि दोस्ती के दौरान कृष्णा ने उसके फोटो खींच लिए। छात्रा ने भी कुछ फोटो उसे भेजे थे। 15 दिन पहले छात्रा ने दोनों से दोस्ती तोड़ दी थी। शुभम और कृष्णा फोन करते थे तो उठाती नहीं थी।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा से दोबारा दोस्ती करने के लिए आरोपियों ने फेसबुक पर तीन फर्जी आईडी बनाईं। इसके बाद मैसेंजर से छात्रा के भाई को मैसेज करने लगे। छात्रा के फोटो भेजे। रिश्तेदारों को भी मैसेज किए। उनसे कहा कि अगर, दोस्ती नहीं कराएंगे तो वह उसके फोटो फेसबुक पर डाल देगा।
छात्रा के भाई ने एसएसपी बबलू कुमार से शिकायत की। इसके बाद साइबर क्राइम सेल के प्रभारी एसआई अमित कुमार, विजय तोमर ने जांच की। जांच में पता चला कि आरोपी छात्रा के ही पूर्व के दोस्त हैं। इस पर दोनों को पकड़ लिया गया।
फोन से हटाईं फर्जी आईडी, फोटो कर दिए डिलीट
आरोपी शुभम और कृष्णा को पुलिस कार्रवाई की भनक लग गई थी। इस पर दोनों ने मोबाइल से फेसबुक पर बनी फर्जी आईडी हटा दी थीं। इसके साथ फोटो भी डिलीट कर दिए थे।
साइबर सेल ने दोनों के मोबाइल से फोरेंसिक टूल की मदद से डिलीट हो चुकी फोटो रिकवर कर लीं। वहीं फेसबुक से संपर्क करके एक आईडी को भी रिकवर कर लिया है। बाकी आईडी को भी रिकवर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कृष्णा को स्कूल से किया गया था निष्कासित
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016 में छात्रा के कम अंक आए थे। जब उससे परिजनों ने पूछताछ की तो कृष्णा से दोस्ती का पता चला। इस पर परिजनों ने स्कूल में शिकायत की थी। कृष्णा की पहले से भी शिकायत थीं।
इस पर उसे स्कूल से निष्कासित कर दिया गया था। कृष्णा क्रिकेटर भी है। वह जिला और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुका है। स्नातक की पढ़ाई प्राइवेट फार्म भरकर कर रहा है। वहीं शुभम भी स्नातक कर रहा है।