मैनपुरी। फर्जी शिक्षकों की जांच लगातार जारी है। राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों की भी जांच शुरू हो गई है। जिले में गठित जांच टीम का एसडीएम को अध्यक्ष बनाया गया है। एसडीएम के नेतृत्व वाली टीम ने अब तक जिले के तीन महाविद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों के दस्तावेजों की पड़ताल की है।
शासन के निर्देश पर राज्य विश्वविद्यालय से संचालित महाविद्यालयों की जांच कराई जा रही है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जिले में जांच टीम का गठन किया गया है। इसमें जांच अधिकारी एसडीएम रजनीकांत, नोडल अधिकारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा कश्यप, डॉ. रामबाबू, डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
टीम ने राजकीय महाविद्यालय कुरावली, आरसी महिला डिग्री कॉलेज मैनपुरी और श्री चित्रगुप्त डिग्री कॉलेज मैनपुरी में पहुंचकर शिक्षकों और स्टाफ की जानकारी की। बृहस्पतिवार को श्री चित्रगुप्त डिग्री कॉलेज में 22 शिक्षकों से इस संबंध में पूछताछ की गई। शिक्षकों के मूल दस्तावेज देखे गए।
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच कराई जा रही है। शीघ्र ही सभी महाविद्यालयों की जांच पूरी कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। - रजनीकांत, उप जिलाधिकारी मैनपुरी