आगरा में थाना एत्माद्दौला पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने एक ऐसा गैंग पकड़ा है, जिसने न सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक की फाउंड्री नगर शाखा के कई खातों के मोबाइल नंबर बदलकर खातों से लाखों रुपये निकाल लिए, बल्कि दो फर्जी मदरसों के एक हजार विद्यार्थियों के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक खाते खोलकर 40 लाख रुपये की स्कॉलरशिप हड़प ली।
पुलिस ने दो ग्राहक सेवा केंद्रों के संचालकों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बड़ी संख्या में पासबुक, एटीएम कार्ड सहित खाता खोलने के उपकरण, कंप्यूटर बरामद किए गए हैं।
प्रेसवार्ता कर एसपी क्राइम मनोज कुमार सोनकर ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों में नितिन चौहान (नई आबादी, राम बिहार कालोनी, टेढ़ी बगिया), राकेश कुमार (धौरऊ, हसनपुर, खंदौली), रवींद्र शर्मा (न्यू जनता कालोनी, सदर), उमाकांत (नंदनी विहार, नंदलालपुर) और आदित्य प्रताप सिंह (नई आबादी, टेढ़ी बगिया) हैं।
आरोपियों के पास से एक सीपीयू, एक एलसीडी मॉनीटर, एक पावर एडेप्टर, दो बायोमेट्रिक स्कैनर, एक पीओएस/ईडीसी मशीन, 254 एसबीआई कियोस्क कस्टमर कार्ड, 9 एटीएम कार्ड, 593 सील पैक एटीएम कार्ड, एसबीआई की 187 पासबुक , तीन चेकबुक , एक कीबोर्ड, एक पावर केबल, एक क्लोन फिंगरप्रिंट (सिलीकॉन) बरामद हुए हैं।