टूंडला (फिरोजाबाद)। आगामी 25 जुलाई से टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है। अब यहां दो नए प्लेटफार्म बनने से पांच नहीं बल्कि सात प्लेटफॉर्म ट्रेनों के लिए तैयार हैं। इन नए प्लेटफार्म से 25 जुलाई से ट्रेनों का विधिवत संचालन शुरू हो जाएगा।
टूंडला रेलवे स्टेशन पर कुछ वर्षों तक सिर्फ चार ही प्लेटफार्म हुआ करते थे। ट्रेनों के बढ़ते हुए दबाव आगरा रूट के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ने पर पहले शहर की ओर रेल प्रशासन ने प्लेटफॉर्म संख्या पांच को बनाया था। जहां आगरा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव किया जाता है। अभी हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के दौरान दो नए प्लेटफॉर्म बनाने को रेल प्रशासन ने मंजूरी दे दी थी।
अब दो नए प्लेटफॉर्म बनकर पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। रेल अधिकारियों का मानना है कि सात प्लेटफॉर्म होने से प्लेटफार्म खाली होने के इंतजार में आउटर पर रुकने वाली ट्रेनों को निर्बाध टूंडला स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर स्थान मिल सकेगा। इससे आउटर पर होनी वाली लूट, चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। अब रेलवे 25 जुलाई से नए बनाए गए दोनों प्लेटफॉर्म पर ट्रेनें शुरू करने जा रहा है, जिसके चलते अब प्लेटफॉर्म के नंबरों में भी बदलाव कर दिया गया है।
टूंडला में अब ये होंगे प्लेटफार्मों के नए नंबर
टूंडला। अगर आप यात्रा के दौरान एक नंबर प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के आने का अनाउंसमेंट सुनें तो गलती न करें। आप नए बनाए गए प्लेटफॉर्म पर जाकर अपनी ट्रेन को पकड़ सकते हैं। दोनों प्लेटफॉर्म से नंबर शुरू किए गए हैं। नए प्लेटफॉर्म को एक और दो नंबर दिया गया है। जबकि पुराने एक व दो नंबर प्लेटफॉर्म को तीन और चार, पुराने तीन और चार नंबर प्लेटफॉर्म को पांच और छह व पुराने पांच नंबर प्लेटफॉर्म को सात नंबर प्लेटफॉर्म कर दिया गया है।
दिल्ली-हावड़ा रेलट्रैक पर ट्रेनें अधिक हैं। टूंडला में प्लेटफॉर्म की संख्या कम थी। अब दो नए प्लेटफॉर्म टूंडला स्टेशन की कड़ी में जुड़ गए हैं। जिससे ट्रेनों को ठहराव में आसानी होगी।
अमित कुमार सिंह, पीआरओ, एनसीआर प्रयागराज डिवीजन
फोटो-