लोकसभा चुनाव 2019 में मतगणना से पहले मीडिया के 'एग्जिट पोल' में मैनपुरी सहित ब्रज की जिन पांच सीटों पर जो अनुमान लगाया, वो बेहद सटीक रहा। वहीं भाजपा द्वारा भी सर्वे कराया गया, जिसमें आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, एटा और फिरोजाबाद सीट पर कमल तो वहीं मैनपुरी में साइकिल की बढ़त दिखाई गई थी। जब नतीजे आए तो एग्जिट पोल के अनुमान सटीक साबित हुए।
आगरा में भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बसपा प्रत्याशी मनोज कुमार सोनी को बुरी तरह से हराया था। इसी प्रकार फतेहपुर सीकरी से भाजपा के राजकुमार चाहर ने 4 लाख 95 हजार मतों के साथ सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।
मथुरा में सटीक परिणाम
वहीं बात करें मथुरा की तो यहां से एग्जिट पोल के सर्वे में पहले भी भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी को आगे बताया जा रहा था। परिणाम भी ऐसी ही आया। हेमा ने मथुरा से दूसरी बार जीत दर्ज की।
फिरोजाबाद में पलट गई बाजी
वहीं समाजवादी पार्टी के मिनी गढ़ कहे जाने वाले फिरोजाबाद में एग्जिट पोल के सर्वे में जब भाजपा को बढ़त दिखाई गई, तो किसी को यकीन नहीं हुआ। यहां जंग चाचा शिवपाल और भजीते अक्षय यादव के बीच बताई जा रही थी, लेकिन मतदान के बाद कहानी बदल गई। मुकाबला भाजपा के डॉ. चंद्रसेन जादौन और सपा के अक्षय यादव के बीच नजर आया। ऐसे में इस सीट को भी भाजपा ने छीन लिया।
मैनपुरी में जीते मुलायम
मैनपुरी की बात करें तो तमाम एग्जिट पोल ने मुलायम की जीत का दावा किया था। भाजपा के सर्वे में भी मुलायम की साइकिल सबसे आगे रही। अगर यह अनुमान सही साबित हुआ। मैनपुरी से मुलायम की चौथी जीत हुई। इसके बाद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद इस लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें उनकी पुत्रवधू डिंपल यादव चुनाव मैदान में उतरीं। डिंपल ने उपचुनाव में जीत दर्ज की।