आगरा में परिषदीय विद्यालयों की सत्र परीक्षाएं मजाक बनकर रह गई हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को प्रश्नपत्र मुहैया नहीं कराए हैं। इसके कारण अधिकांश स्कूलों में बच्चों को ब्लैक बोर्ड पर ही प्रश्न लिखकर नकल कराई जा रही है। परिषदीय स्कूलों की परीक्षाएं दो दिन के अवकाश के कारण बृहस्पतिवार से शुरू हो चुकी हैं। शुक्रवार को शहर और देहात के अधिकांश स्कूलों में शिक्षक मौखिक रूप से सवाल पूछकर जवाब लिखवा रहे हैं।
वहीं कई विद्यालयों में देखा गया कि ब्लैक बोर्ड पर अपने स्तर से ही शिक्षक प्रश्न पत्र तैयार करके उन्हें हल करा रहे हैं। कई जगह तो बच्चे झुंड बनाकर पेपर हल करते नजर आए।