फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों पर बाहरी तत्वाें का कब्जा 

Sun, 19 Mar 2017 01:22 AM IST
परीक्षा केंद्रों पर बाहरी तत्वाें का कब्जा 
विज्ञापन
डेमो - फोटो : डेमो
विज्ञापन

विज्ञापन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कराने से कई केंद्र व्यवस्थापकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। पुलिस नहीं पहुंचने से केंद्रों पर बाहरी तत्वों का कब्जा है। खिड़कियों से नकल सामग्री अंदर पहुंचाई जा रही है।
एडीआईओएस अर्चना गुप्ता शनिवार को दूसरी पाली में जगनेर स्थित जनता इंटर कालेज की स्थिति देख चौंक गईं। केंद्रों को बाहरी लोगाें ने घेर रखा था। लोग खिड़कियों से नकल सामग्री अंदर फेंक रहे थे। पुलिस मौजूद नहीं थी। केंद्र व्यवस्थापक परेशान थे। एडीआईओएस ने केंद्र पर एक घंटा बिताया। गुलकंदी देवी इंटर कालेज, शमसाबाद पर यही स्थिति मिली। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा। श्यामलाल रामराज्य इंटर कालेज, लादूखेड़ा के केंद्र व्यवस्थापक ने तो अधिकारियों को लिखकर दिया है कि बाहरी लोगों के दबदबे के चलते परीक्षा कराने में परेशानी हो रही है। 
विज्ञापन


तीन नकलची, तीन कक्ष निरीक्षक पकड़े 
डीआईओएस डा. जितेंद्र सिंह यादव के दस्ते ने शनिवार को पहली पाली में इंटरमीडिएट के अर्थशास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र में त्रिवेणी देवी कन्या इंटर कालेज, मधुनगर से एक छात्रा को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र में जेडी डा. प्रदीप कुमार ने किशन देवी इंटर कालेज और एडीआईओएस अर्चना गुप्ता ने भोलानाथ सर्राफ इंटर कालेज से एक-एक नकलची पकड़ा। डीआईओएस ने पंडित मूंगराम इंटर कालेज, मोहनपुरा, सैंया से दो कक्ष निरीक्षकों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। इनके खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए। चंद्रभान इंटर कालेज, मुखरई से फर्जी कक्ष निरीक्षक पकड़ा, जिसकी उम्र 18 वर्ष थी।

सीटिंग प्लान में गड़बड़ी 
जीआईसी, शाहगंज के प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह को बाह के तीन वित्त विहीन विद्यालयों के सीटिंग प्लान में गड़बड़ी मिली। अलग-अलग कालेजों के परीक्षार्थियों को अलग कमरे में बैठाया गया था। सीटिंग प्लान ठीक करने के निर्देश दिए गए। डीआईओएस को केंद्रों की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। 

आंतरिक उड़नदस्ते बस नाम के
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 343 परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक सचल दलाें को तलाशी के बाद भी नकलची नहीं मिल रहे हैं। आंतरिक सचल दस्ते में तीन सदस्य हैं। इनको परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते समय और कक्षा में बैठने के बाद परीक्षार्थियों की तलाशी लेनी होती है।
विज्ञापन


ममता इंटर कॉलेज के प्रबंधक के खिलाफ तहरीर
नकल कराने की एवज में रुपये मांगने के आरोप में ममता गर्ल्स इंटर कालेज के प्रबंधक वीरेंद्र कुशवाह के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में तहरीर दी गई है। डीआईओएस के निर्देश पर राजकीय हाईस्कूल चंदसौरा के प्रधानाचार्य और उड़नदस्ता प्रभारी राजकपूर ने तहरीर दी। परीक्षा केंद्र का एडीआईओएस ने निरीक्षण किया था। तमाम अव्यवस्थाएं भी मिली थीं। इस पर केंद्र व्यवस्थापक को भी बदला जा चुका है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें