आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की 17 अगस्त की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। इस दिन की परीक्षाएं 12 सितंबर को कराई जाएंगी। परीक्षा फॉर्म न भरे जाने की वजह से यह निर्णय लिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि 17 अगस्त को पहली पाली में संगीत (गायन) विषय के हिस्ट्री ऑफ इंडियन म्यूजिक और दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान विषय के थर्मल फिजिक्स एंड सेमी कंडक्टर डिवाइसेज प्रश्नपत्र की परीक्षाएं होनी थीं। डीन एकेडमिक प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि प्राचार्य परिषद और सेल्फ फाइनेंस कॉलेज एसोसिएशन ने लिखित प्रार्थनापत्र भेजकर परीक्षा टालने की मांग की थी। 20 अगस्त से परीक्षाएं विधिवत संचालित होंगी।
---
स्नातक प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर में करीब 99 हजार छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है। शनिवार तक करीब 45 हजार छात्र-छात्राओं के ही फार्म भरे जा सके। इससे परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 14 से बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी गई है। परीक्षा फीस निर्धारण में देरी को इसकी वजह माना जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक बैंक की छुट्टियां पड़ने से फीस जमा करने में समस्या आ रही है। बैंक से चालान नहीं जनरेट हो पाएंगे।